पुण्यतिथि / महात्मा गांधी एक महानायक की व्यथा-कथा !
महात्मा गांधी के जीवन का आखिरी एक साल हमारे इतिहास की कुछ सबसे त्रासद घटनाओं का गवाह रहा है। यह वह वक़्त था जब भारतीय स्वतंत्रता-संग्राम का महानायक अचानक देश का सबसे अकेला, सबसे उदास, सबसे उपेक्षित व्यक्ति नज़र आने लगता है। जिसके एक इशारे पर देश के लाखों लाख लोग अपना सर्वस्व न्योछावर करने को तत्पर हो जाते थे, उसकी बात सुनने वाला कोई नहीं था। बापू ने नहीं चाहा कि देश का बंटवारा हो, लेकिन उनके सत्ता-लोलुप शिष्यों ने अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के लिए देश के टुकड़े कर डाले। उन्होंने नहीं चाहा कि देश में हिन्दू-मुस्लिम दंगे हों, लेकिन देश धर्म के नाम पर इतिहास के सबसे बड़े नरसंहार का साक्षी बना। उन्होंने नहीं चाहा कि आज़ादी के बाद एक राजनीतिक दल के रूप में कांग्रेस का अस्तित्व कायम रहे, लेकिन कांग्रेस ने सत्ता सम्हाली और आज भी एक राजनीतिक परिवार की महत्वाकांक्षाओं का बोझ ढो रही है। उन्होंने नहीं चाहा कि आज़ाद भारत में धार्मिक कट्टरताओं के लिए कोई जगह रहे, लेकिन ख़ुद धार्मिक कट्टरपंथियों के हाथों मारे गए। उनकी हत्या के बाद हमने चौक-चौराहों पर उनकी मूर्तियां खड़ी की, सरकारी दफ्तरों में उनकी तस्वीरें टांगी और उनकी आत्मा को देश-निकाला दे दिया। उन्होंने सत्य और अहिंसा के रूप में ज़ुल्म से लड़ने के सबसे कारगर हथियार हमें दिए और हमने झूठ तथा धार्मिक और राजनीतिक आतंकवाद की आड़ में देश को क़त्लगाह बना दिया। उनका सत्याग्रह देखते देखते भीड़तंत्र के दुराग्रह, गुंडागर्दी और अराजकता में तब्दील हो गया। कुटीर और ग्रामोद्योग के सहारे आत्मनिर्भर गाँवों की उनकी परिकल्पना को बेरहमी से हमने बहुराष्ट्रीय कंपनियों और देश के कॉरपोरेट घरानों के हाथों बेच दिया। उनकी राजनीतिक और प्रशासनिक शुचिता बेशर्म रिश्वतखोरी, अनगिनत घोटालों और मक्कारियों की भेंट चढ़ गई !
भारतीय इतिहास के सबसे उपेक्षित महानायक मोहनदास करमचंद गांधी की पुण्यतिथि पर शर्मिंदा राष्ट्र की श्रधांजलि !
लेखक - ध्रुव गुप्ता
Labels: International


0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home