Saturday, 15 June 2013

भूख लत है


अखबार में छपा था कि
तुरंत कार्रवाई होगी
उन इलाकों में
जहाँ भूख से हो रहीं हैं मौतें
आगे लिखा था
शिविर लगाया जायेगा
सबकी स्वस्थ्य जाँच होगी
और फ़ूड पैकेट बांटे जाएंगे

एक व्यक्ति का
मरने से पहले लिया गया 
बयान भी छपा था
उसने कहा था कि
" पहले भूख मज़बूरी थी साहब
लेकिन अब लत है
और प्राण के साथ ही छूटेगी "

घरों में मिट्टी के बुझे चूल्हों में
राख-ही-राख बाकी है
लेकिन तंत्र बेखबर है कि
भूख जब लत बन जाती है
तब राख से भी जला ली जाती हैं मशालें

सालों तक अखबार छापता रहा
तुरंत कार्रवाई होगी
और जिनको भूख की लत थी
वे जलाते रहे मशालें

अखबार में फिर छपा कि
अब भूख से मौत की खबरें नहीं आती
अलबत्ता देशद्रोही करार दिए गए
और मुतभेड में मारे गए लोगों की
संख्या में भारी इज़ाफा हुआ है

इस प्रकार हो रही है
तुरंत कार्रवाई
और साबित हो रहा है कि
भूख लत है
एक जानलेवा लत



कवि- सुशील कुमार 

Labels:

1 Comments:

At 16 June 2013 at 21:38 , Anonymous राजीव तनेजा said...

तीखी...धारदार एवं कटु सत्य को उजागर करती प्रभावशाली रचना...

 

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home